गांधी जयंती पर क्रॉस कंट्री दौड़ में दिखा युवाओं का उत्साह
अंडर-14, अंडर-17 और ओपन वर्ग में खिलाड़ियों ने लगाई दौड़, प्रथम पांच स्थान प्राप्त प्रतिभागी सम्मानित
पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान एवं गांधी जयंती के अवसर पर खेल विभाग के तत्वावधान में क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और ओपन वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक वर्ग के प्रथम पांच स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नियमित खेल गतिविधियों से अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों के लिए भी समय निकालने तथा पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त समय देना चाहिए, ताकि दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस तरह की खेल गतिविधियां युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार, प्रशासनिक अधिकारी गंगा प्रसाद, जूडो कोच मनीषा रानी सहित अन्य अधिकारी और प्रतिभागी मौजूद रहे।
