पौड़ी

ल्वाली से घीड़ी तक पहुंचीं डीएम स्वाति एस. भदौरिया, विकास कार्यों का लिया जायजा

महिला समूह को डीहाइड्रेटर व ग्रेडिंग मशीन देने के निर्देश, घीड़ी में शहीद पार्क के लिए डीपीआर तैयार होगी

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को ल्वाली और घीड़ी क्षेत्र का भ्रमण कर विकास कार्यों, आजीविका गतिविधियों, विद्यालयी व्यवस्थाओं और ग्रामीण सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

ल्वाली में जिलाधिकारी ने साधना स्वायत्त सहकारिता के संग्रहण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला समूहों से उत्पादों के संग्रहण, प्रसंस्करण और विक्रय की जानकारी ली। महिलाओं ने बुश कटर, डीहाइड्रेटर और ग्रेडिंग मशीन की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और बाजार की मांग के अनुरूप आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बाल मेले में बच्चों के मॉडल देखे

इसके बाद जिलाधिकारी ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ल्वाली का निरीक्षण किया। विद्यालय में आयोजित बाल मेले में विद्यार्थियों ने विद्युत परिपथ, पृथ्वी के स्थलरूप, वर्षा जल संरक्षण, वायुमंडल की परतों, औषधीय पौधों और नवीकरणीय ऊर्जा सहित विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए।

कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान कुछ बच्चे गणित के आधारभूत प्रश्नों का उत्तर नहीं दे पाए। इस पर जिलाधिकारी ने शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी अवधारणाओं को मजबूत करने और नवाचारी व गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति अपनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सामाजिक विज्ञान महोत्सव के तहत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के भाषण भी सुने। उन्होंने प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त मंच उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य शिक्षाधिकारी को दिए।

मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता परखी

विद्यालय में तैयार हो रहे मध्याह्न भोजन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने दाल और सब्जी का स्वाद लिया। उन्होंने भोजनमाताओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बनाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और गैस कनेक्शन उपलब्ध होने के कारण भोजन गैस पर ही तैयार करने को कहा।

घीड़ी में बनेगा शहीद पार्क

क्षेत्र भ्रमण के अगले चरण में जिलाधिकारी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के पैतृक गांव घीड़ी पहुंचीं। ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं।

ग्रामीणों की मांग पर प्रस्तावित शहीद पार्क के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया गया। ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा तैयार डिजाइन और प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने विस्तृत डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक और सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्क का निर्माण ग्रामीणों की सहमति और अपेक्षाओं के अनुरूप किया जाए।

पेयजल, बिजली और सड़क संबंधी समस्याओं पर दिए निर्देश

ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज कालेश्वर में सोलर लाइट और विद्यालय की क्षति का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने सोलर लाइट की स्वीकृति होने की जानकारी देते हुए विद्यालय की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। महिलाओं की मांग पर उरेडा को लाइट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

ग्राम गैंड की पेयजल योजना में आवश्यक लाइन जोड़ने और खराब फीडर की समस्या का मौके पर निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा गया। सामुदायिक भवन की मांग पर जिलाधिकारी ने बताया कि भवन का प्राक्कलन तैयार है और इसे शासन को भेजा जाएगा।

उन्होंने बैंकिंग सुविधाओं के लिए बैंक सखियों के माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। घीड़ी स्थित पर्यटक विश्राम गृह का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

अठूल गांव की सड़कों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव एससीपी में प्रस्तुत करने तथा क्षेत्र की सड़कों की सफाई और मरम्मत सहित अन्य आवश्यक कार्यों पर भी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानना तथा लोगों की समस्याओं को उनके बीच पहुंचकर समझना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और आवश्यकताओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *