पौड़ी

पूल्ड आवास परिसर की बाल वाटिका को मिला नया स्वरूप, बच्चों के लिए लोकार्पित

जिला योजना से 20 लाख की लागत से हुआ मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य

पौड़ी। गांधी एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर पूल्ड आवास परिसर स्थित बाल वाटिका को नया स्वरूप मिलने के बाद बच्चों के लिए लोकार्पित किया गया। विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने बाल वाटिका में कराए गए मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इस दौरान अतिथियों ने परिसर का निरीक्षण कर बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने बताया कि पूल्ड आवास परिसर में बच्चों के खेलने के लिए पहले कोई उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं था। निरीक्षण के दौरान स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने करीब छह माह पूर्व बाल वाटिका के पुनर्निर्माण की स्वीकृति दी थी। जिला योजना के तहत 20 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग द्वारा मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य कराया गया।

कार्य पूरा होने के बाद बाल वाटिका को बच्चों के खेल, मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों के अनुकूल तैयार किया गया है। इससे पूल्ड आवास परिसर और आसपास रहने वाले बच्चों को अपने क्षेत्र में ही खेलने तथा विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद कर उनकी पसंद के खेलों और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भजन प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी और अन्य अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार वितरित किए।

विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होना जरूरी है। बाल वाटिका के विकसित होने से पूल्ड आवास परिसर और आसपास के बच्चों को घर के नजदीक ही खेलने एवं मनोरंजन की सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने बाल वाटिका के बेहतर स्वरूप के लिए जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए स्थानीय नागरिकों से इसके स्वच्छता एवं रखरखाव में सहयोग की अपील की।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि बाल वाटिका को बच्चों की आवश्यकताओं और रुचियों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। खेल और सीखने की गतिविधियां बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने लोनिवि अधिकारियों को परिसर की साफ-सफाई, रखरखाव और अन्य व्यवस्थाएं नियमित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बाल वाटिका का बेहतर उपयोग हो सके और सुविधाएं लंबे समय तक बनी रहें।

इस अवसर पर किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगरान, पार्षद शुभम रावत, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, एडीएम एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, जिला ग्राम पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रीना नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, सहायक अभियंता अंकिता सक्सेना सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *