जसवंत सिंह रावत स्टेडियम में चला सफाई अभियान, स्वच्छता का दिया संदेश
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ संकल्प के तहत संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला खेल विभाग की ओर से राइफलमैन जसवंत सिंह रावत स्टेडियम पौड़ी में सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई।

जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि खेल मैदान और स्टेडियम केवल खेल गतिविधियों के केंद्र नहीं हैं, बल्कि युवाओं के स्वस्थ एवं सकारात्मक विकास के महत्वपूर्ण स्थान भी हैं। ऐसे सार्वजनिक परिसरों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता के साथ लोगों में अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने की भावना को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने खेल विभाग के कार्मिकों और खिलाड़ियों से स्टेडियम की स्वच्छता बनाए रखने के साथ अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
सफाई अभियान में खेल विभाग के कोच, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
