‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में 46 बालिकाओं-किशोरियों को पोषण किट, 22 आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्त्रियां सम्मानित
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद मुख्यालय पौड़ी में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने पोषण गीत प्रस्तुत कर पोषण, स्वास्थ्य और विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सितंबर माह को पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए बच्चों एवं किशोरियों के पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्त्रियों को प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर ‘आंगन का मिलन दिवस’ मनाया जा रहा है। पोषण माह के तहत केंद्रों में जागरूकता और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को पोषण, स्वास्थ्य तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक राजकुमार पोरी ने उपस्थित लोगों को पोषण शपथ दिलाई। इस अवसर पर 46 बालिकाओं एवं किशोरियों को पोषण किट वितरित की गईं। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्त्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बालिका यशिका ने महिला सशक्तीकरण विषय पर विचार रखे, जबकि स्वस्ति नौटियाल ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन श्वेता कठैत ने किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद के सदस्य राकेश नौडियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित विभिन्न विकासखंडों के बाल विकास परियोजना अधिकारी, जनप्रतिनिधि, किशोरियां और उनके अभिभावक मौजूद रहे।
