पौड़ी

राजस्व कॉलोनी में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने रामलीला मैदान स्थित कॉलोनी का निरीक्षण कर मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्यों का लिया जायजा

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को रामलीला मैदान स्थित राजस्व विभाग की कॉलोनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलोनी में चल रहे लघु मरम्मत, रंगाई-पुताई एवं अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया और आवासीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन आवासों में मरम्मत कार्य कराया गया है, वहां विद्युत और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही आवासों तथा कॉलोनी परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। उन्होंने आवागमन की सुविधा के लिए आवश्यक स्थानों पर रास्तों का निर्माण तथा जरूरत वाले स्थानों पर चारदीवारी का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।

कॉलोनी परिसर के आसपास कुछ स्थानों को पार्किंग के रूप में विकसित किए जाने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्थल का परीक्षण कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कॉलोनी में रह रहे लोगों से भी बातचीत की और उनकी आवासीय व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आवासीय सुविधाओं से संबंधित किसी भी समस्या को संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए, ताकि उसका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान किया जा सके।

इस अवसर पर नाजर मनोज रावत, वैयक्तिक सहायक दीपक नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *