पौड़ी

जनता दर्शन में सुनी गईं 36 जनसमस्याएं, डीएम ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

बेदीखाल अस्पताल में चिकित्सक की तैनाती, मानसिक रोगी को उपचार के लिए सेलाकुई भेजा
सड़क, शिक्षा, पेयजल, आंगनबाड़ी, पेंशन, वन्यजीव और आपदा से जुड़े मामलों पर हुई सुनवाई
पौड़ी। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, शिक्षा, आंगनबाड़ी, पेयजल, विद्युत, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, वन्यजीव, आपदा और अतिक्रमण समेत विभिन्न मामलों से संबंधित 36 शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।


सड़क और पेयजल से जुड़े मामलों पर कार्रवाई
नलई क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंच मार्ग की मांग पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान के माध्यम से करीब 50 मीटर मार्ग तैयार कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत रखूण में उद्यान विभाग के भवन से जुड़े प्रकरण में संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि जांच में सरकारी भवन पर कब्जे की पुष्टि नहीं हुई है।
नैनीडांडा विकासखंड में पौधों की आपूर्ति और भुगतान संबंधी शिकायत पर जिला विकास अधिकारी को सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। तोणख्या में पंचायत भवन के समीप सड़क के पुश्ते के मामले में मौका निरीक्षण करने तथा खांड्यूसैंण-भुवनेश्वरी मोटर मार्ग पर पेयजल पाइपलाइन की समस्या के समाधान के लिए संबंधित जेई को मौके पर भेजने को कहा गया।
सिंडी-जसकोट मार्ग पर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। वहीं शहीद मार्ग दोमटखाल को लेकर उन्होंने बताया कि जिले में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान चल रहा है। इसकी निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है और कार्यों की दैनिक प्रगति की समीक्षा की जा रही है।
जर्जर विद्यालय भवन और मंदिर सुविधाओं का लिया संज्ञान
राजकीय इंटर कॉलेज घिंघवाड़ा के भवन को ध्वस्त करने की अनुमति मिलने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्य शिक्षाधिकारी को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।
सतपुली क्षेत्र के दनगलेश्वर मंदिर के सुधारीकरण कार्य की गुणवत्ता और महिला शौचालय की सुविधा से जुड़े मामले में जिला पर्यटन अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत संचालित कार्यों में गुणवत्ता के साथ जनसुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत चवथ में सोलर एलईडी लाइटों के भुगतान संबंधी शिकायत पर संबंधित अधिकारी को धनराशि और भुगतान की स्थिति का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
शिकायत से समाधान तक पहुंचा प्रशासन
जनता मिलन कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि राजकीय अस्पताल बेदीखाल में चिकित्सक की तैनाती नहीं होने संबंधी शिकायत पर चिकित्सक को अस्पताल से संबद्ध कर दिया गया है।
पौड़ी निवासी पूरण सिंह नेगी की सोलर कनेक्शन से संबंधित विद्युत बिल की शिकायत पर अधिशासी अभियंता द्वारा संयोजन और बिल की जांच की गई। इसके बाद नियमानुसार विद्युत देयक में संशोधन कर शिकायत का निस्तारण किया गया।
मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी पूर्व शिकायत में एक महिला का राज्य मानसिक स्वास्थ्य संस्थान, सेलाकुई में उपचार कराया गया, जिसके बाद वह स्वस्थ होकर घर लौट गई। वहीं ग्राम डांग निवासी ऊमा देवी की शिकायत पर कुलदीप सिंह का विशेषज्ञ टीम से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और आवश्यक प्रक्रिया के बाद 18 सितंबर को उन्हें उपचार के लिए सेलाकुई भेजा गया।
जनता इंटर कॉलेज कमलपुर, संगलाकोटी में प्रबंध संचालक की नियुक्ति से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने बताया कि अपर शिक्षा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा द्वारा विद्यालय में प्रबंध संचालक की नियुक्ति कर दी गई है।
वन्यजीव और यातायात संबंधी मामलों पर भी निर्देश
वन्यजीव से संबंधित डांग गांव सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। नागरिक कल्याण एवं जागरूकता समिति की यातायात व्यवस्था संबंधी शिकायत पर एएसपी को संबंधित स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों के प्रशिक्षण की आवश्यकता को देखते हुए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आवश्यक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। किसान विकास पत्र की पत्रावलियों की डुप्लीकेट प्रति उपलब्ध कराने के मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन और जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के साथ की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। इस दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई।
कार्यक्रम में डीएफओ महातिम यादव, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, एएसपी (संचार) अनूप काला, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *