यमकेश्वर में उत्तराखंड क्रांति दल का बढ़ा जनाधार, दो पूर्व प्रधान हुए शामिल
25 सितंबर को सुराड़ी में आयोजित कार्यक्रम में सौंपी जाएंगी संगठनात्मक जिम्मेदारियां
द्वारीखाल/पौड़ी। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) का यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में संगठन विस्तार अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में न्याय पंचायत सुराड़ी की ग्राम सभा सुराड़ी के पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह तथा ग्राम सभा सिमलना डबरालस्यूं के पूर्व प्रधान मदन सिंह ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों पूर्व प्रधानों के संगठन में शामिल होने का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र में संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। जानकारी के अनुसार आगामी 25 सितंबर को न्याय पंचायत सुराड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं को संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि गांव-गांव से मिल रहा सहयोग और समर्थन क्षेत्रीय समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने में सहायक होगा। यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में संगठन विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल बना हुआ है।
उत्तराखंड क्रांति दल द्वारा वर्ष 2027 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न न्याय पंचायतों और ग्राम सभाओं में सदस्यता अभियान एवं जनसंपर्क कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
