पौड़ी

विद्यार्थियों को सरकारी सेवा, निजी क्षेत्र और स्वरोजगार के अवसरों की दी जानकारी

कोटद्वार। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार की ओर से गुरुवार को डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए आत्मनिर्भर बनने और रोजगार सृजन के लिए प्रेरित किया गया।

जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक उपासना सिंह ने विद्यार्थियों को सरकारी, निजी क्षेत्र और स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि, योग्यता और कौशल के अनुसार करियर का चयन करें। रोजगार प्राप्त करने के साथ ही स्वयं का उद्यम स्थापित कर अन्य युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीएस नेगी ने कार्यशाला की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उपलब्ध रोजगार और करियर अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। डॉ. गणेश चंद ने शिक्षा के साथ कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने पर जोर दिया।

भारतीय रिजर्व बैंक के दर्शन उनियाल ने विद्यार्थियों को बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र से संबंधित जानकारी दी। भारतीय स्टेट बैंक के सौरभ बोहरा ने बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय सहायता और उद्यमिता के लिए उपलब्ध बैंकिंग सेवाओं के बारे में बताया।

जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक देवेंद्र नाथ और आकांक्षा गुसाईं ने उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया, आवश्यक पंजीकरण, स्वरोजगार की संभावनाओं तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं और वित्तीय सहायता की जानकारी दी। पर्यटन विभाग के संजय नेगी ने पर्यटन क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन आधारित गतिविधियों से आय अर्जित करने के अवसरों के बारे में बताया।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को रोजगार पाने के साथ रोजगार सृजक बनने की सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *