पौड़ी में राज्य स्तरीय टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता शुरू
करीब 200 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ खुद भी खेला टेबल टेनिस
पौड़ी। जिला प्रशासन, खेल विभाग एवं जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से पौड़ी में द्वितीय राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। छह से नौ सितंबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 200 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की ओर से उच्च गुणवत्ता की छह टेबलें उपलब्ध कराई गई हैं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी खिलाड़ियों के साथ टेबल टेनिस खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए जरूरी है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें पहचानकर उचित मंच और अवसर देने की है।
उन्होंने अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें बचपन से प्रोत्साहित करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “खेल में कोई हारता नहीं है, कोई सीखता है और कोई जीतता है।” खेलों से मिलने वाला अनुभव खिलाड़ियों को आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
पहली बार पौड़ी में राज्य स्तरीय रैंकिंग प्रतियोगिता
उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग ने बताया कि पहाड़ी जिलों में टेबल टेनिस को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। देहरादून के बाहर पहली बार पौड़ी में टीम स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता एवं स्टेट चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से पौड़ी में खेल सुविधाएं बेहतर हो रही हैं। आने वाले समय में अन्य पहाड़ी जिलों में भी इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश डंगवाल ने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग के लिए जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सहयोग से जिले में टेबल टेनिस खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-17, अंडर-19 एवं ओपन वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। पहले दिन ओपन एवं अंडर-19 वर्ग के मुकाबले खेले गए।
इस अवसर पर उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव प्रिंस विपिन, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला खेल अधिकारी देहरादून शेफाली गुरुंग, जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव भारत बिष्ट सहित खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं अभिभावक मौजूद रहे।
