पौड़ी

ढासी गांव में एक माह से पेयजल संकट, दूर से पानी ढोने को मजबूर ग्रामीण

यमकेश्वर/पौड़ी। ग्राम ढासी में पिछले एक माह से अधिक समय से पेयजल संकट बना हुआ है। बरसात के मौसम में भी ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर होकर पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गांव के प्रवासी मदन सिंह बुटोला ने बताया कि पेयजल संकट के कारण ग्रामीणों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में दिक्कतें आ रही हैं। पलायन के कारण गांव में बुजुर्गों की संख्या अधिक है, ऐसे में दूर से पानी ढोकर लाना उनके लिए और भी मुश्किल हो गया है।

उन्होंने बताया कि पेयजल के साथ-साथ पालतू पशुओं के लिए पानी उपलब्ध कराने में भी ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लंबे समय से समस्या बने रहने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से गांव की पेयजल व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *