पौड़ी

डिजिटल युवा महोत्सव-2026 के विजेताओं की घोषणा

फिटनेस व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाया हुनर, 10 सितंबर को मिलेगा सम्मान

पौड़ी। युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित डिजिटल युवा महोत्सव-2026 के तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए आयोजित ऑनलाइन फिटनेस एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विभिन्न चरणों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि द्वितीय सप्ताह के पुश-अप/स्क्वाट चैलेंज में जुबिन नौटियाल ने प्रथम, अक्षत ने द्वितीय और सार्थक बुटोला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ‘माई उत्तराखण्ड माई प्राइड’ प्रतियोगिता में अंजू रावत प्रथम, वंशिका नेगी द्वितीय और तनुजा रावत तृतीय रहीं।

तृतीय सप्ताह की स्किपिंग प्रतियोगिता में अरमान कुमार ने प्रथम, गौरी ने द्वितीय और साहिल ने तृतीय स्थान हासिल किया। युवा फोटोग्राफी प्रतियोगिता में मानसी नेगी प्रथम, विकास चन्द्र द्वितीय और तनुजा तृतीय रहीं।

वहीं चतुर्थ सप्ताह की फिटनेस फिनाले प्रतियोगिता में मुस्कान नेगी ने प्रथम, अक्षत ने द्वितीय और हिमांशु रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ‘वन मिनट वन स्किल’ प्रतियोगिता में आयुष सिंह प्रथम, अंकित द्वितीय और सचिन सिंह तृतीय रहे।

जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रथम सप्ताह के विजेताओं को पूर्व में सम्मानित किया जा चुका है। द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ सप्ताह के विजेताओं को 10 सितंबर 2026 को भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। निर्धारित मानकों के अनुसार पुरस्कार राशि विजेताओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।

उन्होंने सभी विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ ही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *