ऋषिकेश

हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर होगा भव्य कवि सम्मेलन, सुमन गौड़ को मिलेगा ‘आवाज़ रत्न सम्मान’

मुनिकीरेती/ऋषिकेश। ढालवाला स्थित होटल चंद्र पैलेस में रविवार को ‘आवाज़’ साहित्यिक संस्था की महत्वपूर्ण बैठक संस्था अध्यक्ष अशोक ‘क्रेजी’ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी राजभाषा हिंदी दिवस को गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर होटल चंद्र पैलेस में राजभाषा हिंदी के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विचार गोष्ठी और भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए हिंदी कविता पाठ, संभाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। आयोजकों का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाना है।

संस्था के उपाध्यक्ष आचार्य रामकृष्ण पोखरियाल एवं प्रबोध उनियाल ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन ‘गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति, ढालवाला’ और ‘आवाज़’ साहित्यिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। सचिव महेश चिटकारिया ने संस्था के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया और संसाधनों को मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं सत्येंद्र चौहान ने सदस्यता अभियान को गति देने की बात कही।

सुमन गौड़ को मिलेगा आवाज़ रत्न सम्मान

बैठक में संस्था के वरिष्ठ सदस्य मनोज मलासी एवं डॉ. सुनील दत्त थपलियाल ने घोषणा की कि वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित ‘स्व. द्वारिका प्रसाद मलासी स्मृति आवाज़ रत्न सम्मान’ प्रसिद्ध लोक संस्कृति संवाहिका एवं सांस्कृतिक कलाकार सुमन गौड़ को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान पिछले डेढ़ दशक से साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को प्रदान किया जा रहा है।

गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति के संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह भंडारी एवं धनीराम बिंजोला ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘आवाज़’ साहित्यिक संस्था प्रतिवर्ष इस आयोजन को व्यापक स्तर पर आयोजित कर क्षेत्र के नवोदित रचनाकारों एवं साहित्यकारों को मंच उपलब्ध करा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *