सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में रंग भरने वाले विद्यालय सम्मानित
पौड़ी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत और यादगार बनाने वाले विद्यालयों को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में सम्मानित किया। इस दौरान संबंधित विद्यालयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के उत्साह और प्रतिभा ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में नई ऊर्जा और उमंग भर दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर प्रतिभा की अपनी चमक होती है, जिसे उचित मंच और प्रोत्साहन देकर निखारा जा सकता है। सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने बच्चों को निरंतर प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उनकी प्रतिभा को मंच देने और निखारने में शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।
देशभक्ति और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों ने जीती तालियां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी नगर, राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली, राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय नंबर-5, नेहरू मॉन्टेसरी स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया था। विद्यार्थियों ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक विषयों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी थीं।
सम्मान समारोह में विद्यालय प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी की पहल के लिए आभार जताया। राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली के प्रधानाचार्य संजय ममगाईं ने कहा कि राष्ट्रीय पर्वों के मंच पर विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। ऐसे अवसर बच्चों की प्रतिभा सामने लाने के साथ उनके आत्मविश्वास और मनोबल को भी बढ़ाते हैं।
नेहरू मॉन्टेसरी स्कूल की प्रधानाचार्या रचना सेमवाल ने कहा कि बच्चों की कला और प्रतिभा को मंच के साथ सम्मान और प्रोत्साहन मिलना उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान देता है। इससे विद्यार्थियों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को और निखारने की ललक पैदा होती है।
इस अवसर पर मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला खेल समन्वयक योगंबर सिंह नेगी सहित संबंधित विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
