पौड़ी

बाड़ियूं-उत्तिण्डा मोटरमार्ग पर दलदल बना मुसीबत, गाड़ियां फंसने से ग्रामीण परेशान

बंदीला गांव के पास सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर अनिल सिंह नेगी ने डीएम से लगाई गुहार

द्वारीखाल/पौड़ी। बाड़ियूं कुंडल-उत्तिण्डा वर्गी मोटरमार्ग पर ग्राम बंदीला के समीप सड़क पर बने दलदल से ग्रामीणों और यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति इतनी खराब हो जा रही है कि यहां से गुजरने वाले वाहन दलदल में फंस रहे हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

ग्राम बंदीला निवासी अनिल सिंह नेगी ने जिलाधिकारी पौड़ी को पत्र भेजकर सड़क की समस्या के समाधान की मांग की है। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और दलदल बन गया है, जिससे वाहनों के फंसने की स्थिति लगातार बनी हुई है। सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में भी दिक्कत हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग, लैंसडौन द्वारा समस्या की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो बरसात के दौरान परेशानी और बढ़ सकती है।

अनिल सिंह नेगी ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा सड़क को यातायात के लिए सुचारु कराने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन के हस्तक्षेप से ग्रामीणों की समस्या का शीघ्र समाधान हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *