पौड़ी

 छात्राओं के उत्साह के बीच कस्तूरबा गांधी विद्यालय पहुंचीं डीएम, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को विकासखंड थलीसैंण के दूरस्थ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तिरपालीसैंण का निरीक्षण किया। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक जिलाधिकारी का स्वागत किया। इस दौरान डीएम ने छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, दैनिक दिनचर्या और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने विद्यालय में छात्राओं के आवास, पेयजल, शौचालय, भोजन और स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता, पढ़ाई के माहौल और दैनिक सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने।

निरीक्षण के दौरान शौचालय में आवश्यक मरम्मत की जरूरत सामने आने पर जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी को मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय भवन के रंगरोगन के लिए प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव भेजने को भी कहा।

विद्यालय परिसर की जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए डीएम ने नाली निर्माण एवं सुधार से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।

संवाद के दौरान छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक अपनी बातें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपनी रुचि और प्रतिभा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, खंड शिक्षा अधिकारी विवेक पंवार, विद्यालय की प्रधानाचार्या सुधा गौड़ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *