पौड़ी

तहसील दिवस में 175 से अधिक शिकायतों की सुनवाई, डीएम ने एक सप्ताह में निस्तारण के दिए निर्देश

पौड़ी। दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों के ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को विकासखंड थलीसैंण के राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में तहसील दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में तहसील चाकीसैंण क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, कृषि, शिक्षा, राशन, आवास और रोजगार सहित विभिन्न समस्याएं रखीं।

तहसील दिवस में 175 से अधिक शिकायतों की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके पर ही शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए जो मामले शीघ्र हल हो सकते हैं, उन्हें एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने और कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता को भी इसकी सूचना उपलब्ध कराने को कहा।

आधार और दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए लगेंगे शिविर

जिलाधिकारी ने आधार संबंधी समस्याओं और दिव्यांग प्रमाणपत्र से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए सितंबर माह में चाकीसैंण क्षेत्र में शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। 3 सितंबर से रोस्टर के अनुसार तिरपालीसैंण में एक सप्ताह तक आधार शिविर संचालित किया जाएगा। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय मझोली के क्षतिग्रस्त भवन का प्रस्ताव शीघ्र भेजने तथा कुचोली में मिड-डे मील के लिए शेड निर्माण का प्रस्ताव प्राप्त होते ही कार्रवाई करने को कहा गया। गौरा देवी कन्याधन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सड़क और पेयजल की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई

तहसील दिवस में ग्रामीणों ने सड़क और पेयजल से जुड़ी कई समस्याएं उठाईं। धरगांव में पीएमजीएसवाई सड़क कटिंग से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत के लिए मौका निरीक्षण के निर्देश दिए गए। सुनार गांव के संपर्क मार्ग का सर्वे कर ‘मेरा गांव मेरी सड़क’ योजना के तहत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।

मजरा महादेव-सौड़ और नौड़ी-सौड़ सड़क के मरम्मतीकरण, चुठाणी गांव की सड़क के निर्माण में तेजी तथा सांकरसैंण मार्ग के गड्ढे भरने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। बगेली में सड़क कटिंग का मुआवजा नहीं मिलने के मामले में अधिशासी अभियंता पाबौ और उपजिलाधिकारी को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए गए।

ग्रामसभा बिरसोड़ा में नई सड़क का सर्वे पूरा होने के बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में अलाइनमेंट की जांच करने तथा सड़क का स्लोप दुरुस्त करने के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग को तत्काल मौका निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा पर भी जोर

ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान का मामला भी उठाया। जिलाधिकारी ने सामूहिक घेरबाड़ एवं चैनलिंक फेंसिंग के लिए ग्रामसभाओं से प्रस्ताव लेने और सर्वे के बाद कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अच्छी खेती करने वाले किसानों को घेरबाड़ में प्राथमिकता देने को कहा गया।

पशुपालन के लिए ऋण, मुर्गीबाड़े और अन्य रोजगारपरक मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि रोजगार से संबंधित समस्याओं के लिए लोगों को दोबारा शिकायत लेकर न आना पड़े।

बिजली, राशन और स्वच्छता संबंधी मामलों की भी सुनवाई

लटकते तारों और जर्जर विद्युत पोलों की शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत को कनिष्ठ अभियंताओं की बैठक लेकर नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। मरखोला, सुनार गांव और धरगांव में सोलर लाइट लगाने, पुरानी सोलर लाइटों के सुधारीकरण, पीएम सूर्य घर योजना की सब्सिडी तथा स्कूल में विद्युत पोल शिफ्ट करने के मामलों में भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

घुलेख में राशन कार्ड में नाम जोड़ने-हटाने में देरी की शिकायत पर उपजिलाधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन की दूसरी किश्त नहीं मिलने के मामले में परियोजना निदेशक स्वजल को जांच करने को कहा गया।

महिला प्रधानों की बैठकों में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में महिला प्रधानों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए डीपीआरओ और बीडीओ को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस, बीडीसी बैठकों और अन्य बैठकों में महिला ग्राम प्रधान स्वयं प्रतिभाग करें तथा उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रतिनिधि बनाकर न भेजा जाए।

वहीं खंड तल्ला में कूड़ा निस्तारण की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी को नियमित कूड़ा उठान की निगरानी और कूड़ा संग्रहण केंद्रों की जियो-टैग फोटो के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी ने क्षेत्र में तहसील दिवस आयोजित किए जाने पर प्रशासन का आभार जताते हुए समस्याओं के समयबद्ध समाधान की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शिव चरण नौटियाल, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *