जनता दर्शन से लोगों को मिल रहा सीधा लाभ, शिकायतों के समाधान से बढ़ रहा प्रशासन पर भरोसा
गढ़वाल आयुक्त ने 28 शिकायतों पर दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश, पुरानी शिकायतों के निस्तारण का भी लिया फीडबैक
पौड़ी। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित जनता दर्शन एवं जनता मिलन कार्यक्रम अब केवल शिकायत दर्ज कराने तक सीमित नहीं रह गए हैं। प्रशासन द्वारा शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के साथ ही पूर्व में प्राप्त शिकायतों का लगातार फॉलोअप किया जा रहा है। सोमवार को जिला सभागार में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन में 28 शिकायतें एवं समस्याएं सामने आईं। आयुक्त ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बल्ली गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर आयुक्त ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को दो दिन के भीतर पाइपलाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। तब तक ग्रामीणों को टैंकर से पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं भिताईं मल्ली की ग्राम प्रधान मंजू नेगी द्वारा गांव के मार्ग पर झाड़ियों से आवागमन में परेशानी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही बुशकटर उपलब्ध कराया।
10 साल पुरानी मुआवजे की समस्या पर कार्रवाई
सतपुली-पैडुल मोटर मार्ग पर सड़क कटिंग का मुआवजा 10 वर्ष से अधिक समय से लंबित होने की शिकायत पर आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को मामले को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। संबंधित अमीन को भूमि संबंधी कार्रवाई शीघ्र पूरी करने को कहा गया।
वाहन सरेंडर करने के बावजूद बकाया धनराशि दर्शाए जाने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। परिवहन कार्यालय परिसर में अनधिकृत एजेंट पाए जाने पर भी कार्रवाई करने को कहा गया। तहसील मार्ग के गड्ढे भरने, निराश्रित पशुओं की समस्या के समाधान तथा शहर में खराब विद्युत लाइटों को ठीक करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
भालू की आवाजाही पर सोलर लाइट लगाने के निर्देश
ग्राम कठूड़ में घरों के आसपास भालू की आवाजाही की शिकायत पर एक सप्ताह के भीतर सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। सीली मल्ली गांव में ग्राम प्रधान की पात्रता से संबंधित शिकायत पर एडीपीआरओ को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया। कल्जीखाल के ग्राम रौड़ में सड़क कटिंग से मंदिर की दीवार में आई दरार पर अगले सोमवार से पहले आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने आवासीय भवनों पर खतरे की स्थिति में तत्काल स्थलीय निरीक्षण करने तथा स्थायी सुरक्षा कार्य होने तक वायर क्रेट आदि के माध्यम से भवनों को सुरक्षित करने को कहा। जनता दर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, पोल्ट्री फार्म, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, स्वच्छता, सोलर लाइट, मंदिर जीर्णोद्धार और पेयजल पाइपलाइन सहित विभिन्न मामलों की शिकायतें भी सामने आईं।
पुरानी शिकायतों पर भी प्रशासन का फॉलोअप
जनता दर्शन में नई शिकायतों के साथ पूर्व में जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पौड़ी गांव में खुले घूम रहे पालतू सूअरों से फसलों को नुकसान की शिकायत पर नगर पालिका ने संबंधित पालकों को नोटिस जारी किए। नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन सूअर पालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 5,000 रुपये का चालान किया गया।
ग्राम पंचायत बड़कोट से खिपलाधार-खैरालिंग मंदिर मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग पर लोक निर्माण विभाग ने करीब 4.25 किलोमीटर मार्ग के लिए 330.32 लाख रुपये की धनराशि का प्रस्ताव शासन को भेजा है। वहीं कुनकली क्षेत्र में घण्डियालधार-कुनकली-अलासू-बेहेड़ाखाल संपर्क मार्ग के डामरीकरण एवं सफाई के लिए किमी 13 से 17 तक का विस्तृत आगणन शासन को भेजा गया है।
ई-लाइब्रेरी के लिए वैकल्पिक स्थान का प्रस्ताव स्वीकृत
प्रगति विहार, श्रीनगर में पीपल के पेड़ को काटने पर रोक और ई-लाइब्रेरी के लिए वैकल्पिक स्थान की मांग पर एसडीएम श्रीनगर ने जांच की। जांच के बाद संबंधित भूमि से पूर्व का अवैध अतिक्रमण हटाया गया तथा विद्यालय परिसर में जनहित एवं छात्रहित को देखते हुए ई-लाइब्रेरी निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
ग्राम ताल, पाबौ में हॉट मिक्स प्लांट से संबंधित शिकायत पर जिला खान अधिकारी और तहसील प्रशासन ने संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्लांट बंद मिला। संबंधित कंपनी को आवश्यक अनुमतियां प्राप्त होने तक प्लांट संचालित न करने के निर्देश दिए गए।
मैन्दणी, रिखणीखाल में विकास कार्यों से जुड़ी शिकायत की जांच एवं अभिलेखों के परीक्षण के बाद ग्राम पंचायत में गेट निर्माण और ओपन जिम के कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की भी समीक्षा
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों एवं उनके निस्तारण की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने कहा कि शिकायत का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। तत्काल समाधान वाली शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने और लंबित मामलों में शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को शिकायत निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक लेने को भी कहा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है।
आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक विभाग जनता से मिलने के लिए निर्धारित समय तय करे, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन और जनता मिलन की सफलता शिकायतों की संख्या में नहीं, बल्कि उनके प्रभावी समाधान में है। समयबद्ध कार्रवाई, पुरानी शिकायतों का फॉलोअप और शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने की व्यवस्था से प्रशासन के प्रति जनता का भरोसा मजबूत होगा।
इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद्र, सीओ तपेश कुमार चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
