पौड़ी

छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी

राजकीय इंटर कॉलेज क्यार्क में आयोजित हुआ जन-जागरूकता अभियान

पौड़ी। जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला बाल कल्याण समिति, विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज क्यार्क में एक दिवसीय जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े प्रावधानों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। छात्र-छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। साथ ही किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण, परेशानी अथवा संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सहायता लेने तथा हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।

अभियान में विद्यार्थियों को कानूनी रूप से दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया एवं उससे जुड़े नियमों से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बच्चों को सुरक्षित रहने, अनजान व्यक्तियों से सावधानी बरतने और किसी भी समस्या को अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से साझा करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय पंवार, बाल कल्याण समिति सदस्य सुनीता भट्ट, संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी, जिला समन्वयक अभिषेक नेगी एवं परामर्शदाता कविता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *