कोटद्वार-लक्ष्मणझूला में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 13 नमूने लिए
बिना लेबल व एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट, त्योहारों को देखते हुए अभियान रहेगा जारी
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर विशेष अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत गुरुवार को कोटद्वार और लक्ष्मणझूला क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।

विभागीय टीम ने अभियान के दौरान 14 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 13 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इनमें दो विधिक और 11 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। संग्रहित नमूनों में पांच मिठाई एवं नमकीन, दो दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद तथा छह अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
सहायक आयुक्त खाद्य पीसी जोशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और विक्रय से संबंधित निर्धारित मानकों की जांच की गई। टीम ने मौके पर बिना लेबल और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को नष्ट कराया। इस दौरान छह लीटर बिना लेबल का लेमन सोडा भी नष्ट कराया गया। बिना तिथि अंकित पैक्ड खाद्य सामग्री को भी नष्ट कर प्रतिष्ठान संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
खाद्य विभाग ने व्यापारियों को उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
