पौड़ी

जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक, 31 अगस्त तक श्रीनगर बस अड्डे के हस्तांतरण के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं, मानचित्र स्वीकृति तथा अवैध निर्माण के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने श्रीनगर बस अड्डे के हस्तांतरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रक्रिया को 31 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व, परिवहन विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने तथा बस अड्डे को परिवहन विभाग को हस्तांतरित करना सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में श्रीनगर में निर्माणाधीन गंगा संस्कृति केंद्र, अपर चोपड़ा क्षेत्र में निर्माणाधीन पार्किंग समेत अन्य विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।

अवैध निर्माणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्राधिकरण क्षेत्र में की गई चालानी एवं प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई की तहसीलवार सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रवार समीक्षा करते हुए अवैध निर्माण के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के तहत मानचित्र स्वीकृति के लिए अब तक 2104 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2087 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है। जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान, अधिशासी अभियंता जिला विकास प्राधिकरण रणवीर सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग एलपी भट्ट, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग किशोर कुमार, परियोजना प्रबंधक उत्तराखंड पेयजल निगम वीरेंद्र प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *