आंगनबाड़ी केंद्रों में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
पौड़ी। बाल विकास परियोजना पौड़ी के अंतर्गत संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों को पर्व के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देते हुए भाई-बहन के बीच प्रेम, स्नेह, सहयोग और आपसी सम्मान की भावना का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने के साथ ही विभिन्न त्योहारों के महत्व की जानकारी भी दी गई। आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
