मासौं तल्ला में ट्रैंकुलाइज किया गुलदार, रेस्क्यू के दौरान दो वन आरक्षी घायल
पौड़ी। तहसील पौड़ी के मासौं तल्ला गांव में गुरुवार सुबह मुर्गीबाड़े में घुसे गुलदार के रेस्क्यू के दौरान दो वन आरक्षी घायल हो गए। वन विभाग की टीम ने गुलदार को ट्रैंकुलाइज कर पिंजरे में कैद करने का प्रयास किया, लेकिन रेस्क्यू प्रक्रिया में देरी के दौरान गुलदार दोबारा होश में आ गया और उसने रेस्क्यू अभियान में जुटे दो वन आरक्षियों पर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब पांच बजे गुलदार गांव निवासी अर्जुन सिंह के मुर्गीबाड़े में घुस गया था। जाली के रास्ते वह एक कमरे में पहुंच गया और अंदर ही बंद हो गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
डीएफओ महातिम यादव के अनुसार, गुलदार की उम्र करीब एक वर्ष आंकी गई है। टीम ने उसे ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित रूप से पिंजरे में डालने का प्रयास किया। इसी दौरान मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एकत्रित हो गए, जिसके चलते रेस्क्यू प्रक्रिया में विलंब हुआ। ट्रैंकुलाइजेशन की दवा का प्रभाव निर्धारित अवधि तक ही रहता है। देरी के कारण गुलदार दोबारा सक्रिय हो गया और उसने रेस्क्यू में जुटे दो वन आरक्षियों पर हमला कर दिया।
हमले में घायल दोनों वन आरक्षियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उनकी स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रतीक्षित है।
घटना के बाद वन विभाग की दूसरी रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई है। गुलदार को दोबारा ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई जारी है। वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर भीड़ न लगाने और टीम को आवश्यक सहयोग देने की अपील की है।
