पौड़ी

एसआईआर में पात्र मतदाताओं का नाम न छूटे, अपात्र प्रविष्टियां हटाने के निर्देश

पौड़ी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं निर्वाचन अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में एसआईआर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नियमानुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि पुनरीक्षण के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाए। उन्होंने ईआरओ, एईआरओ एवं बीएलओ को निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों का पालन करने तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि जनपद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में अनमैप्ड एवं नो-मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। कुल 1,39,967 नोटिस जारी किए गए, जिनका शत-प्रतिशत वितरण हो चुका है। इनमें से अब तक 1,33,275 मामलों में सुनवाई पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष मामलों में कार्रवाई जारी है।

अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अनमैप्ड मतदाताओं से संबंधित मामलों की सुनवाई गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए प्रपत्र-9, प्रपत्र-10, प्रपत्र-11, प्रपत्र-11ए एवं प्रपत्र-11बी की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही नोटिस अवधि में स्वीकार किए जाने वाले विभिन्न दस्तावेजों के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं निर्वाचन अधिकारियों को अवगत कराया गया।

इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह, सहायक नोडल एसआईआर मास्टर आदर्श तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह रावत, जगमोहन सिंह नेगी, जगमोहन सिंह रावत, राजेंद्र सिंह रावत सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *