उत्तराखंडपौड़ी

बीस व पच्चीस सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा, तीन मदें डी श्रेणी में

सीडीओ ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध लक्ष्यपूर्ति के दिए निर्देश

पौड़ी। विकास भवन सभागार में शनिवार को बीस एवं पच्चीस सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभागवार योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति और विभिन्न मदों की श्रेणीवार स्थिति की समीक्षा की गई।

बीस सूत्रीय कार्यक्रम के तहत शामिल 38 मदों की विभागवार समीक्षा करते हुए सीडीओ ने डी श्रेणी की मदों में प्राथमिकता के आधार पर सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कम प्रगति वाले कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने को कहा।

सीडीओ ने बताया कि पिछले माह 11 मदें डी श्रेणी में थीं, जिनमें इस माह उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्तमान में केवल तीन मदें डी श्रेणी में रह गई हैं, जबकि आठ मदों में सुधार करते हुए उन्हें ए अथवा बी श्रेणी में लाया गया है। उन्होंने शेष मदों में भी बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य आमजन तक उनका प्रभावी लाभ पहुंचाना है। इसलिए अधिकारी कागजी प्रगति के साथ योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की भी नियमित निगरानी करें। निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उपलब्धियां सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर समय-समय पर समीक्षा की जाए।

पच्चीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान भी सीडीओ ने संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याण एवं विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। ऐसे में योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन और प्रभावी अनुश्रवण जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का समय से समाधान करने को कहा। शासन स्तर से संबंधित मामलों में आवश्यक पत्राचार और कार्रवाई भी समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पाण्डेय, एसीएमओ डॉ. अमित मेहरा, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, डीपीओ देवेन्द्र थपलियाल, जिला परीवीक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार, डीओ पीआरडी पंकज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *