पौड़ी में तीन स्तरों पर होगा खेल महाकुंभ, ऑनलाइन पंजीकरण शुरू
न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर होंगी खेल प्रतियोगिताएं
पौड़ी। जनपद में युवाओं और दिव्यांगजनों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने, प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान करने और युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ का आयोजन तीन स्तरों पर किया जाएगा। खेल महाकुंभ के माध्यम से नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण के साथ ही युवाओं को फिट इंडिया मूवमेंट से जोड़कर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि खेल महाकुंभ के तहत प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र और संसदीय क्षेत्र स्तर पर आयोजित की जाएंगी। इनमें अंडर-14 और अंडर-19 आयुवर्ग के बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर सकेंगे।
1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर आयोजन
न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 10 सितंबर तक होगा। इस चरण में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
11 से 20 सितंबर तक विधायक चैंपियनशिप
विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिता 11 से 20 सितंबर तक होगी। न्याय पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। वहीं वॉलीबॉल और पिट्ठू प्रतियोगिताएं सीधे विधानसभा स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
21 से 30 सितंबर तक सांसद चैंपियनशिप
संसदीय क्षेत्र स्तर पर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिता 21 से 30 सितंबर तक होगी। इसमें विधानसभा स्तर से चयनित खिलाड़ियों के लिए कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल और पिट्ठू प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा मलखम्ब, रस्सा-कस्सी, गोली-कंचा, फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं सीधे संसदीय क्षेत्र स्तर पर होंगी।
तीनों स्तरों पर मिलेगा नकद पुरस्कार
न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 300, 200 और 150 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। विधानसभा स्तर पर विजेताओं को क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये के साथ प्रमाण पत्र, मेडल और विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ प्रमाण पत्र, मेडल और सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी। पुरस्कार राशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।
खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
