स्टेडियम में 500 खिलाड़ियों ने दिखाई खेल प्रतिभा, 200 का होगा चयन
मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को मिलेगी ₹10 हजार की सहायता और छात्रवृत्ति
पौड़ी। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत रांसी स्टेडियम में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में करीब 500 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में अंडर-14 से अंडर-17, अंडर-17 से अंडर-19, अंडर-19 से अंडर-21 तथा अंडर-21 से अंडर-23 आयुवर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रत्येक आयुवर्ग से 25 बालक और 25 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। इस तरह चारों आयुवर्गों से कुल 200 खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। चयनित खिलाड़ियों को खेल सामग्री खरीदने के लिए 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही मार्च 2027 तक प्रतिमाह 2 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिताओं में इंडोर खेलों के तहत टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो, बॉक्सिंग और ताइक्वांडो को शामिल किया गया। वहीं आउटडोर खेलों में एथलेटिक्स, वॉलीबाल, फुटबाल, बास्केटबाल, हॉकी और कबड्डी की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि एथलेटिक्स में तीन बालक और तीन बालिकाओं का चयन किया जाएगा, जबकि अन्य खेलों में दो-दो बालक और बालिकाओं का चयन किया जाएगा। योजना के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता, छात्रवृत्ति और खेल सामग्री उपलब्ध कराकर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
