पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता: सीडीओ
पौड़ी। समाज कल्याण विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को विकास भवन पौड़ी में समस्त सहायक समाज कल्याण अधिकारियों की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने की।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन, छात्रवृत्ति, अनुदान सहित समाज कल्याण विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए। लाभार्थियों के चयन और सत्यापन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करते हुए योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को लाभ मिलने में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
प्रशिक्षण में विभिन्न पेंशन एवं अनुदान योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, अभिलेखों की जांच, सत्यापन, स्वीकृति और लाभ वितरण की जानकारी दी गई। अधिकारियों को जिलाधिकारी द्वारा तैयार एसओपी के प्रावधानों से अवगत कराते हुए निर्धारित मानकों और प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में छात्रवृत्ति योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को छात्र-छात्राओं के आवेदन, अभिलेख सत्यापन और आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा अनुसूचित जाति पुत्री विवाह योजना, निराश्रित विधवा पुत्री विवाह योजना, अटल आवास योजना और प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित विभिन्न योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
स्थापना एवं लेखा संबंधी कार्यों तथा सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत प्राप्त आवेदनों के नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों को अभिलेखों के उचित रखरखाव के साथ विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ अशोक जोशी ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का उद्देश्य गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग को सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसलिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान सहायक समाज कल्याण अधिकारियों ने योजनाओं और विभागीय कार्यप्रणाली से संबंधित प्रश्न रखे, जिनका विभागीय अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने समाधान किया। अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान और कार्यों को अधिक पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, अंकित मुंडेपी, अभिषेक पोखरियाल सहित समस्त सहायक समाज कल्याण अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
