पौड़ी

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मंच

प्रचार रथ को हरी झंडी, दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगी उद्यमिता योजनाओं की जानकारी

पौड़ी। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत शुक्रवार को विकास भवन सभागार में चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने योजना के प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर जनपद के विभिन्न विकासखंडों के लिए रवाना किया। प्रचार रथ के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाएगी।

कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीण उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसरों, स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत उपलब्ध वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की जानकारी दी गई। इस दौरान देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनपद पौड़ी की तीन महिला उद्यमियों पोखड़ा की दीपशिखा, कोट की लक्ष्मी देवी और यमकेश्वर की बीना देवी को सम्मानित किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं विकास भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के 16 उद्यमियों को सम्मानित किया गया।

स्थानीय संसाधनों से उद्यमिता को बढ़ावा

विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए उद्यमिता के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। स्वरोजगार के लिए पारंपरिक व्यवसायों तक सीमित रहने के बजाय स्थानीय संसाधनों और उत्पादों को आधार बनाकर नए उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि डेयरी, स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग, हर्बल उत्पाद, मत्स्य पालन, विनिर्माण और काष्ठ उत्पाद जैसे क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और विशिष्टता को देखते हुए उनके प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग पर ध्यान दिया जाए तो बेहतर बाजार तैयार किया जा सकता है।

विधायक ने कहा कि उद्यमिता को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले उद्यमी बनने का आह्वान किया।

दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगी योजना की जानकारी

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के माध्यम से जिले में उद्यम स्थापित करने के इच्छुक लोगों को एक मंच पर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं, ताकि लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, बैंकिंग सुविधाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं की जानकारी समय पर मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार रथ के माध्यम से जनपद के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाएगी। इससे अधिक से अधिक युवा, महिलाएं और छोटे उद्यमी योजना से जुड़ सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को योजना की जानकारी लेने वाले लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, विधायक प्रतिनिधि चौबट्टाखाल रायसिंह नेगी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, एलडीएम किशन सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *