पौड़ी

एसआईआर कार्यों की गुणवत्ता पर जिलाधिकारी ने दिया जोर

पौड़ी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों, मतदाता सूची, बीएलओ व एईआरओ स्तर पर की जा रही कार्रवाई तथा नोटिसों की सुनवाई की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रपत्रों के निस्तारण का रेंडम चेक किया। कुछ नो-मैपिंग वाले एसआईआर फॉर्म में बीएलओ एवं एईआरओ की रिपोर्ट संलग्न नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक रिपोर्ट और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रपत्रों का निस्तारण केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि निर्धारित प्रक्रिया, गुणवत्ता और सत्यापन के साथ किया जाए।

जिलाधिकारी ने यमकेश्वर और श्रीनगर विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ से फोन पर वार्ता कर प्रपत्रों को निर्धारित प्रारूप और आवश्यक रिपोर्ट के साथ भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के एक बीएलओ से भी फोन पर बातचीत कर नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी ली।

चौबट्टाखाल और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य जारी रखने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है और शेष प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी एसआईआर फॉर्म निर्धारित प्रारूप में भरे जाएं तथा प्रत्येक स्तर पर प्रपत्रों की जांच, सत्यापन और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से पूरी हो सके।

निरीक्षण के दौरान एडीएम एफआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *