पौड़ी में बारिश का दौर जारी, 12 सड़कें बंद
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में बुधवार सुबह भी बारिश का दौर जारी रहा। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की 20 अगस्त 2026 की सुबह 8 बजे की रिपोर्ट के अनुसार जिले में औसत 9.03 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश लैंसडौन तहसील में 40 मिमी और कोटद्वार में 26 मिमी दर्ज हुई। पौड़ी में 12.30 मिमी, यमकेश्वर और श्रीनगर में 3-3 मिमी, धुमाकोट में 3 मिमी, थलीसैंण में 2 मिमी तथा सतपुली में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। चाकीसैंण और चौबट्टाखाल में बारिश दर्ज नहीं हुई।

सुबह के समय जिले में मौसम बादलों से घिरा रहा। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश के कारण जनपद में कुल 12 मोटर मार्ग बंद हैं। इनमें लोक निर्माण विभाग के चार और पीएमजीएसवाई के आठ मार्ग शामिल हैं। बंद मार्गों में भरतपुर-सुंदरी-नौली-दाबरा मोटर मार्ग, कलेश्वर खोंण-डाडोगी-अंबेडकर विलेज-मकड़ोट मोटर मार्ग, कोट मल्ला से कोट तल्ला-कंडिया-कुलासू रीठाखाल मोटर मार्ग और जाख-अक्सोड़ा मोटर मार्ग शामिल हैं। संबंधित विभागों की ओर से मार्गों को खोलने का कार्य किया जा रहा है।
पीएमजीएसवाई के अंतर्गत रिखाड़ धोबीघाट मोटर मार्ग, लिस्तियाखेत-खाल्यूडांडा मोटर मार्ग, मैठाणाघाट ग्वीन बवासिया-रसियामहादेव मोटर मार्ग, रिंगालपानी ग्वील गडकोट मोटर मार्ग, धधांखेत ग्वारी मोटर मार्ग, मस्टखाल सीलाडांडा मोटर मार्ग, चैलूसैंण देवीखेत मोटर मार्ग तथा चापलोडी कुल्याणी मोटर मार्ग भी बंद बताए गए हैं।
वहीं, जिले की प्रमुख नदियों का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है। श्रीनगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर 533.90 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 535 मीटर और खतरे का स्तर 536 मीटर है। ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा का जलस्तर 339.34 मीटर दर्ज हुआ, जो चेतावनी स्तर 339.50 मीटर से नीचे है। कोटद्वार में मालन नदी का जलस्तर 490 मीटर, खो नदी का 441 मीटर और सुखरो नदी का 396 मीटर दर्ज किया गया।
बिजली आपूर्ति की स्थिति सामान्य बनी हुई है। पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और नैनीडांडा विद्युत विभाग क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारू बताई गई है। जल संस्थान की ओर से भी संबंधित क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुचारू होने की जानकारी दी गई है।
जिला प्रशासन ने बारिश के मद्देनजर सड़क, बिजली, पेयजल और नदी-नालों की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखी है।
