उत्तराखंड

पवेख में स्वतंत्रता दिवस पर सैनिक सम्मान समारोह, मुख्य अतिथि पूर्व DIG महावीर प्रसाद दुदपुड़ी और विशिष्ट अतिथि हेमंत बहुखंडी रहे मौजूद

 

द्वारीखाल। ग्राम पंचायत पवेख में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंचायत भवन में सैनिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम ग्राम प्रधान ऋषि मोहन दुदपुड़ी की अध्यक्षता में हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त डीआईजी सीमा सुरक्षा बल महावीर प्रसाद दुदपुड़ी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि भरोसा फाउंडेशन के संस्थापक, हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त निरीक्षक एवं राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित हेमंत कुमार बहुखंडी रहे।

मुख्य अतिथि महावीर प्रसाद दुदपुड़ी के स्वागत में परमानंद दुदपुड़ी ने सम्मान पत्र पढ़ते हुए कहा कि उन्होंने अपने गांव में प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण करने के बाद उच्च शिक्षा प्राप्त की तथा अपनी लगन, मेहनत और प्रतिभा के बल पर सीमा सुरक्षा बल में डीआईजी के पद तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि महावीर प्रसाद दुदपुड़ी का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित किया तथा उनका माल्यार्पण, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि महावीर प्रसाद दुदपुड़ी ने कहा कि स्वतंत्र भारत में रहना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के दौरान पूर्वजों पर हुए अत्याचारों और कुली-बेगार जैसी प्रथाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे बुजुर्गों ने कड़ी मेहनत से पहाड़ों को आबाद किया था, लेकिन आज पलायन के कारण पहाड़ वीरान होते जा रहे हैं।

विशिष्ट अतिथि हेमंत कुमार बहुखंडी ने कहा कि ग्राम पंचायत पवेख की यह सराहनीय पहल है, जिसमें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के वीर सैनिकों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने ग्राम प्रधान ऋषि मोहन दुदपुड़ी एवं आयोजकों को इसके लिए धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिक किशन चंद दुदपुड़ी, जगमोहन रावत, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, विनय चंदोला, अनुसूया प्रसाद बहुखंडी सहित ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना की। मंच संचालन सुशील ददपुड़ी ने किया। अंत में ग्राम प्रधान ऋषि मोहन दुदपुड़ी के अध्यक्षीय संबोधन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ तथा सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *