विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर पौड़ी में दो मिनट का मौन
पौड़ी। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारत विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भारत विभाजन की त्रासदी देश के इतिहास का बेहद पीड़ादायक अध्याय है। यह दिवस उन लाखों लोगों के संघर्ष, पीड़ा और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने विभाजन के दौरान अपनों को खोया और विस्थापन का दंश झेला।
उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी हमें शांति, सद्भाव, एकता और भाईचारे के महत्व की सीख देती है। इतिहास से सीख लेते हुए समाज में आपसी सौहार्द और सहयोग की भावना को मजबूत करना आवश्यक है। राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सुदृढ़ बनाने में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।
