चैलूसैंण में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
द्वारीखाल। हर घर तिरंगा अभियान के तहत द्वारीखाल मंडल भाजपा की ओर से चैलूसैंण में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के मुख्य गेट से हुआ, जो चैलूसैंण व्यू प्वाइंट तक पहुंची। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के साथ ही स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष किए। देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख रवीन्द्र रावत ने कहा कि हर घर तिरंगा यात्रा राष्ट्रध्वज के सम्मान की यात्रा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
पूर्व प्रदेश प्रवक्ता भाजपा विपिन कैंथोला ने कहा कि प्रधानमंत्री का आह्वान है कि देश अब आजादी की शताब्दी वर्ष की ओर प्रवेश कर रहा है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि आजादी के सौ वर्ष पूरे होने तक देश को और अधिक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा देश के युवाओं के दिलों में राष्ट्रप्रेम की अमिट छाप छोड़ने का कार्य करेगी।
द्वारीखाल मंडल अध्यक्ष भाजपा मनोज गुसाईं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपना बलिदान दिया, वहीं आज भी देश की सीमाओं पर हमारे सैनिक विषम परिस्थितियों में राष्ट्र की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को लेकर देशवासियों में उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं।
तिरंगा यात्रा में पूर्व प्रदेश प्रवक्ता भाजपा विपिन कैंथोला, मंडल अध्यक्ष मनोज गुसाईं, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रवीन्द्र रावत, नीरज कंडवाल, जिला मंत्री भाजपा मनोज रावत, मंडल महामंत्री आशीष नेगी, ऋषिमोहन दुदपुड़ी, शोभा नैथानी, महिला मोर्चा अध्यक्ष विनीता भंडारी, कादम्बरी नेगी, मंडल उपाध्यक्ष अजीत भंडारी, पूर्व सैनिक सोबन सिंह भंडारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
