कांवड़ यात्रा के बाद नीलकंठ में चला वृहद स्वच्छता अभियान
मंदिर परिसर से पैदल मार्ग और सार्वजनिक स्थलों तक हुई सफाई, स्थानीय लोगों ने किया श्रमदान
नीलकंठ/पौड़ी। कांवड़ यात्रा के सफल समापन के बाद जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में नीलकंठ क्षेत्र में गुरुवार को वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह नौ बजे से शुरू हुए अभियान में मंदिर परिसर, पैदल मार्गों, पार्किंग स्थलों, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों की विशेष सफाई की गई।

कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जमा हुए कूड़े-कचरे को हटाकर निर्धारित व्यवस्था के तहत उसका निस्तारण कराया गया। इसके अलावा यात्रा के लिए बनाए गए अस्थायी शिविरों, विश्राम स्थलों और उनके आसपास के क्षेत्रों में भी सफाई कराई गई। अभियान का उद्देश्य नीलकंठ क्षेत्र को यात्रा के बाद स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित करने के साथ ही इसकी धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना रहा।
स्वच्छता अभियान में जिला पंचायत के स्वच्छता कर्मियों एवं कर्मचारियों के साथ व्यापार मंडल, मंदिर समिति और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। यमकेश्वर की ज्येष्ठ प्रमुख स्वाति देवी, ग्राम प्रधान तोली उषा देवी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, दुकानदारों और नागरिकों ने भी श्रमदान किया।
उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने कहा कि नीलकंठ धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र भी है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमित सफाई, प्रभावी कूड़ा उठान और उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विभागों, स्थानीय संगठनों, व्यापारियों और नागरिकों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निरंतर सहयोग की अपील की।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। यात्रा के उपरांत नीलकंठ को स्वच्छ और सुव्यवस्थित करना भी प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वच्छता अभियान में विभागों, व्यापार मंडल, मंदिर समिति, टैक्सी यूनियन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता की सराहना की।
जिला प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने की अपील की।
अभियान में मंदिर के मुख्य पुजारी शिवानंद गिरी महाराज, व्यापार मंडल नीलकंठ अध्यक्ष बृजेश चौहान, सचिव सुमित पंवार, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष देवेंद्र राणा, सचिव देवू शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता शिवचरण सिंह रावत, पूर्व प्रधान रविंद्र नेगी, तेजपाल नेगी, अवनीश नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मंदिर समिति, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी और स्वच्छता कर्मी
