पौड़ी

सड़क, पानी और शिक्षा के मुद्दों पर गरमाया बीडीसी सदन, 107 समस्याएं उठीं

द्वारीखाल। विकासखंड द्वारीखाल में ब्लॉक प्रमुख बीना राणा की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को सदन के समक्ष रखा। कुल 107 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश का संबंधित विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण किया।

 

बैठक में लोक निर्माण विभाग, पेयजल, शिक्षा और कृषि विभाग से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। ब्लॉक प्रमुख बीना राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि क्षेत्र की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान किया जा सके और विकास कार्यों का लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।

बैठक में बीरेंद्र सिंह ने द्वारीखाल-बरसूड़ी मोटर मार्ग के चौड़ीकरण का मुद्दा उठाया। सतीश सिंह ने आबाद खेतों में घेरबाड़ कराने, बीना देवी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाली के मरम्मतीकरण, अर्जुन सिंह ने द्वारीखाल-चेलूसैंण मोटर मार्ग पर गदेरे में पुल निर्माण तथा अंकुश डबराल ने राशन कार्ड ऑनलाइन कराने से संबंधित समस्या सदन में रखी।

इसके अलावा जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत, कृषि सहित अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। संबंधित विभागीय अधिकारियों ने सदन को समस्याओं के संबंध में की जा रही कार्रवाई एवं उनके निस्तारण की जानकारी दी।

बैठक में कनिष्ठ उप प्रमुख कौशल्या देवी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, अर्जुन सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा देवी, जिला पंचायती राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि लैंसडाउन विवेक कुमार, लोनिवि दुगड्डा के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह, विद्युत विभाग की नमिता अग्रवाल, खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *