एडवोकेट चंद्रमोहन के नेतृत्व में प्रधानों ने उठाया VB-G RAM में ऑनलाइन हाजिरी और नेटवर्क समस्या का मुद्दा
द्वारीखाल। विकासखंड द्वारीखाल क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM के तहत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है। एडवोकेट चंद्रमोहन के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने क्षेत्र पंचायत बैठक में इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए तत्काल समाधान की मांग की।


ग्राम प्रधानों की ओर से जिला विकास अधिकारी/कार्यक्रम समन्वयक पौड़ी गढ़वाल को दिए गए सामूहिक प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि ग्रामीण एवं दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या के कारण श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थिति (NMMS) दर्ज नहीं हो पा रही है। नेटवर्क की समस्या के चलते फेस रीडिंग के माध्यम से ऑनलाइन हाजिरी लगाने में भी दिक्कतें आ रही हैं।
प्रधानों ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण श्रमिकों की उपस्थिति समय पर दर्ज नहीं हो पा रही है। नियमित रूप से कार्य कराने में परेशानी के साथ ही श्रमिकों में भी रोष और निराशा की स्थिति बन रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
ग्राम प्रधानों ने मांग की कि जब तक दुर्गम क्षेत्रों में पर्याप्त नेटवर्क कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं हो जाती, तब तक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था में वैकल्पिक व्यवस्था अथवा ऑफलाइन उपस्थिति प्रणाली को पुनः बहाल किया जाए। प्रधानों का कहना है कि इससे श्रमिकों की उपस्थिति समय पर दर्ज हो सकेगी और विकास कार्य सुचारु रूप से संचालित किए जा सकेंगे।
प्रधानों ने प्रशासन से तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान कराने तथा नेटवर्क कनेक्टिविटी उपलब्ध होने तक व्यावहारिक व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
