पौड़ी

पैठाणी क्षेत्र में विकास कार्यों का कैबिनेट मंत्री ने किया निरीक्षण

धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से बढ़ेंगे रोजगार और आजीविका के अवसर : डॉ. धन सिंह रावत

कंडारस्यूं पेयजल योजना से 45 गांव-तोकों के 2,000 से अधिक परिवारों को मिलेगा लाभ

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार देर शाम पैठाणी क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पैठाणी स्थित राहु मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य, कंडारस्यूं पेयजल योजना तथा बूंखाल कालिंका मंदिर के नवनिर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

राहु मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। कार्यों को तेजी से पूरा कर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के व्यवस्थित विकास से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।

इसके बाद डॉ. रावत ने कंडारस्यूं पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से योजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि कंडारस्यूं पेयजल योजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के 45 गांव एवं तोकों के 2,000 से अधिक परिवारों तथा 10 हजार से अधिक आबादी को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। योजना के पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को पेयजल की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

इसके पश्चात कैबिनेट मंत्री बूंखाल कालिंका मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मां कालिंका के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर के नवनिर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यदायी संस्था को निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मां कालिंका से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

डॉ. रावत ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। इन स्थलों के बेहतर विकास से जहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधाएं मिलेंगी, वहीं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *