स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर एडीएम ने ली बैठक, समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
पौड़ी। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने सोमवार को संबंधित विभागीय अधिकारियों और व्यापार संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को 15 अगस्त से संबंधित तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने और समारोह के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एजेंसी चौक से रामलीला मैदान तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। शिक्षा विभाग को इसका नोडल विभाग बनाया गया है। एडीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने और प्रभात फेरी को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर पालिका को शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही शहीद स्मारक की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के अवसर पर शहर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था समेत सभी व्यवस्थाएं बेहतर नजर आनी चाहिए।
14 अगस्त को कंडोलिया-टेका मार्ग पर होगी मैराथन
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को कंडोलिया-टेका मार्ग पर मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। इसमें बालक, बालिका और ओपन वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। एडीएम ने युवा कल्याण एवं खेल विभाग को प्रतियोगिता की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिक से अधिक प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में शामिल कराने के लिए शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित करने को कहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। मैराथन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को दो एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीम तैनात करने को कहा गया है।
सरकारी भवन एलईडी लाइटों से होंगे रोशन
एडीएम ने निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त को सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों को एलईडी लाइटों से रोशन किया जाए। उन्होंने बताया कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि कलेक्ट्रेट में सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवरों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य कार्यक्रम स्थल और तहसीलों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में सैनिक कल्याण अधिकारी करण रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय त्यागी, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी आशीष कुमार, व्यापार संघ अध्यक्ष विनय शर्मा, शिक्षा विभाग से योगंबर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
