जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त, 20 मामलों की सुनवाई
पौड़ी। जनसमस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित 20 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का प्रभावी और निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई की आख्या जिला कार्यालय में उपलब्ध कराने के साथ ही उसकी सॉफ्ट कॉपी संबंधित शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।
लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा
जनता मिलन के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस और अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की भी विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक प्रकरण को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित किया जाए। वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल नहीं होने वाले अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए उन्होंने नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
ग्रामसभा थली दान्दली के ग्रामीणों की पेयजल समस्या पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को अगले ही दिन संबंधित जेई को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पूर्व सूचना देकर उनकी मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण किया जाए और समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विकासखंड दुगड्डा के ग्राम सिरसू निवासी त्रिलोक सिंह ने नवंबर 2025 से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने कृषि अधिकारी को बैठक के बाद शिकायतकर्ता को अपने कार्यालय ले जाकर प्रकरण की जांच करने और तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
तहसील चाकीसैण के ग्राम तरपाली निवासी उमेद सिंह ने एनएच-309 धुमाकोट के तहत तरपालीसैंण में आरसीसी सेतु निर्माण के दौरान बिना अनुमति भूमि अधिग्रहित किए जाने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी चाकीसैण को व्यक्तिगत रूप से जांच कर नियमानुसार प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, तहसील पौड़ी के मंजेड़ा गांव निवासी जयपाल सिंह बिष्ट ने बणगांव स्थित मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में तीन माह से कर्मचारी तैनात न होने और केंद्र बंद रहने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को केंद्र का औचक निरीक्षण करने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों पर बढ़ाई जाएगी गश्त
रिखणीखाल वेलफेयर सोसाइटी के उपाध्यक्ष जेएस बिष्ट ने क्षेत्र में बाघ और तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों से उत्पन्न भय को लेकर छह बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग रखी। जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने, वन कर्मियों की गश्त बढ़ाने और उपलब्ध उपकरणों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बीरोंखाल में लगा राजस्व कैंप, मौके पर निस्तारित हुए मामले
जनता मिलन के अतिरिक्त मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनदर्शन और पत्राचार के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर भी जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। बीरोंखाल के सिंदुड़ी तल्ली निवासी दिनेश गुसाईं ने भूमि की रजिस्ट्री सहित अन्य राजस्व मामलों के निस्तारण के लिए तहसील लैंसडौन के चक्कर लगाने की समस्या बताते हुए बीरोंखाल में राजस्व कैंप लगाने की मांग की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर छह अगस्त को बीरोंखाल में राजस्व कैंप आयोजित किया गया, जहां क्षेत्रवासियों के राजस्व संबंधी मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इसी तरह ग्राम कण्डारा निवासी हुकम सिंह ने स्टैंड पोस्ट पर पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की थी। जल संस्थान ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पाइपलाइन की समस्या दूर की और 21 जुलाई को मरम्मत कार्य पूरा कर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी। शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर जलापूर्ति बहाल होने की पुष्टि भी की गई।
सतपुली तहसील के ग्राम कन्दोली, पट्टी कौड़िया-01 निवासी विजय कुमार ने भवन निर्माण में आ रही दिक्कतों के चलते अपने हिस्से की भूमि का सीमांकन कराने की मांग की थी। राजस्व विभाग ने नियमानुसार भूमि का सीमांकन कराकर मामले का त्वरित निस्तारण किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण वर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
