पौड़ी

बांघाट में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यशाला

बांघाट/पौड़ी। मिशन शक्ति अभियान के तहत विकासखंड द्वारीखाल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांघाट में सोमवार को महिला एवं बाल सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में बच्चों और अभिभावकों को महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को पॉक्सो एक्ट, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, हिंसा अथवा असुरक्षित स्थिति का सामना करने पर बच्चों को चुप रहने के बजाय बिना झिझक उचित माध्यम से सहायता लेनी चाहिए। कार्यशाला में अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेने के लिए प्रेरित किया गया।

हर घर तिरंगा अभियान की भी दी जानकारी

कार्यशाला के दौरान हर घर तिरंगा अभियान के तहत भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों को अभियान के उद्देश्य की जानकारी देते हुए स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य अनीता असवाल, सहायक अध्यापक दीपक कुमार, छात्र-छात्राओं के अभिभावक सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *