पौड़ी

देशभक्ति के रंग में रंगा पौड़ी, तिरंगे के साथ गूंजे भारत माता की जय के जयकारे

हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा, छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर किया प्रतिभाग

पौड़ी। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत सोमवार को पौड़ी शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से शहर का वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ डीएवी इंटर कॉलेज से हुआ। यात्रा माल रोड, बस स्टेशन और धारा रोड होते हुए रामलीला मैदान पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। हाथों में तिरंगा लिए अनुशासन के साथ आगे बढ़ रहे विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। यात्रा मार्ग पर स्थानीय लोगों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्ग देशभक्ति के नारों से गूंजते रहे। विद्यार्थियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारे लगाते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी से तिरंगा यात्रा का स्वरूप भव्य और आकर्षक नजर आया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसमें देश का गौरव, त्याग, संघर्ष और वीरता की भावना समाहित है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त करे। युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन समाज को एकता के सूत्र में बांधने के साथ युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में हर घर तिरंगा अभियान 9 से 17 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है।

पाबौ में भी निकली तिरंगा यात्रा

हर घर तिरंगा अभियान के तहत विकासखंड पाबौ में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए लोगों ने राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

इस दौरान लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, पूर्व विधायक मुकेश कोली, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, खेल समन्वयक योगम्बर नेगी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *