पॉलीहाउस प्रशिक्षण में किसानों को वैज्ञानिक खेती की जानकारी, क्लस्टर आधारित पॉलीहाउस के लिए आवेदन का आह्वान
पौड़ी। उद्यान विभाग पौड़ी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय पॉलीहाउस प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण में किसानों को पॉलीहाउस तकनीक, बेमौसमी एवं उच्च मूल्य वाली सब्जियों के वैज्ञानिक उत्पादन, आधुनिक कृषि पद्धतियों, फसल प्रबंधन तथा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने पॉलीहाउस प्रबंधन और उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन से जुड़ी तकनीकों की जानकारी दी। दूसरे दिन किसानों को ग्राम गडोली में प्रगतिशील कृषक अनिल राज चौफीन के पॉलीहाउस का भ्रमण कराया गया। यहां किसानों ने टमाटर, शिमला मिर्च, खीरा सहित अन्य फसलों के उत्पादन और फसल प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
अंतिम दिन पॉलीहाउस की स्थापना, संचालन एवं रखरखाव के तकनीकी पहलुओं के साथ ही सीबीडीसी प्रक्रिया के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी दी गई।
जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन सिंह भंडारी ने किसानों से क्लस्टर आधारित पॉलीहाउस के लिए अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन आवेदन करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया सीबीडीसी के माध्यम से पूरी तरह ऑनलाइन संचालित की जा रही है, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक हुई है।
भरसार विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. एससी पंत ने पॉलीहाउस में टमाटर, शिमला मिर्च और खीरा जैसी उच्च मूल्य वाली बेमौसमी सब्जियों के वैज्ञानिक उत्पादन की जानकारी दी। उन्होंने फसलों में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों की पहचान, रोकथाम और समेकित कीट प्रबंधन के उपाय बताए। साथ ही किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक हिमांशु पटवाल सहित उद्यान विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
