पौड़ी

सतपुली क्षेत्र में स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

सतपुली। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने गुरुवार को जिला स्तरीय टीम के साथ सतपुली क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटीसैंण, हंस फाउंडेशन चिकित्सालय सतपुली और ‘नई सोच’ नशा मुक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

सीएचसी सतपुली के निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने लेबर रूम का जायजा लिया और उसे और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। अस्पताल में पेयजल की स्थायी व्यवस्था के लिए बोरिंग कराने के साथ ही बाउंड्री वॉल, सुरक्षा रेलिंग और स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए विस्तृत प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने को कहा।

हंस फाउंडेशन चिकित्सालय सतपुली में उन्होंने सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड मशीनों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही प्रसव पूर्व जांच, परामर्श एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

वहीं ‘नई सोच’ नशा मुक्ति केंद्र के निरीक्षण में लंबे समय से मनोरोग विशेषज्ञ के नियमित भ्रमण नहीं करने का मामला सामने आया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए केंद्र को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र संचालक को मनोरोग विशेषज्ञ द्वारा मरीजों के परीक्षण के दौरान जियो-टैग्ड फोटोग्राफ और परीक्षण रिपोर्ट नियमित रूप से विभाग को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उपचार व्यवस्था की प्रभावी निगरानी हो सके।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटीसैंण में गर्भवती महिलाओं की सुविधा और सुरक्षित प्रसव व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रसव कक्ष को अधिक सुविधाजनक स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर, सुरक्षित और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय त्यागी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष गुसाईं, डॉ. निकिता चौधरी, मनमोहन देवली, आशीष रावत सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *