पौड़ी

जमीन पर उठे सवाल तो हरकत में आया प्रशासन, दून हैचरीज के निर्माण पर रोक

पौड़ी। पौड़ी-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे ग्राम ऐराड़ी, पट्टी सितोनस्यूं-4, तहसील पौड़ी में दून हैचरीज लिमिटेड द्वारा क्रय की गई भूमि से संबंधित प्रकरण में जिला प्रशासन ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित चार सदस्यीय जांच समिति ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक अभिलेख एवं दस्तावेज जुटाए हैं। जांच पूरी होने तक संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनसामान्य और सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आए तथ्यों का संज्ञान लेते हुए 3 अगस्त को अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति में संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी, उप निबंधक पौड़ी तथा जिला विकास प्राधिकरण के प्रभारी अधिशासी अभियंता को सदस्य नामित किया गया है।

समिति ने बुधवार शाम मौके पर पहुंचकर भूमि का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान भूमि की वर्तमान स्थिति, निर्माण गतिविधियों और राजस्व अभिलेखों से जुड़े तथ्यों का प्रारंभिक परीक्षण किया गया। संबंधित विभागों से आवश्यक अभिलेख एवं दस्तावेज भी एकत्र किए जा रहे हैं।

जांच समिति द्वारा भूमि के क्रय, भूमि के प्रयोजन, स्वीकृत अनुमतियों और निर्माण कार्य समेत सभी संबंधित पहलुओं की बिंदुवार जांच की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य प्रकरण से जुड़े तथ्यों की पूरी तरह जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करना है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक संबंधित स्थल पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाéएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *