रिखणीखाल में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू, पहले दिन 154 मरीजों ने कराया उपचार
रिखणीखाल/पौड़ी। दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू हो गया है। 6 से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाले शिविर के पहले दिन 154 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रेनू रावत ने किया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलने से मरीजों को बेहतर उपचार के साथ समय और धन की भी बचत होती है।
शिविर में बेस चिकित्सालय कोटद्वार से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान एक्स-रे, रक्त जांच, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच के साथ ओरल, सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच तथा निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।
पहले दिन जनरल फिजिशियन ने 36, ऑर्थोपेडिक सर्जन ने 72, स्त्री रोग विशेषज्ञ ने 34, नेत्र रोग विशेषज्ञ ने 64, ईएनटी विशेषज्ञ ने 42 और दंत रोग विशेषज्ञ ने 18 मरीजों का परीक्षण कर परामर्श दिया। इसके अलावा 55 लोगों की रक्त जांच, 82 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग और 32 लोगों के टीबी संबंधी एक्स-रे किए गए।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 14 किशोर-किशोरियों की स्वास्थ्य काउंसलिंग भी की गई, जबकि एक पात्र व्यक्ति का दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किया गया।
इस अवसर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. भावना राणा, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. विकास थलेड़ी, डॉ. मुकेश वर्मा तथा सीएचसी रिखणीखाल की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. तानिया तनेजा सहित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
