मोलाखाल-बागों-सिलोगी मोटरमार्ग पर गरमाया माहौल, ग्रामीणों का ऐलान—‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’
*यमकेश्वर विधायक के नाम सौंपा पत्र; 2027 के विधानसभा चुनाव में सड़क को बनाया मुद्दा*
द्वारीखाल। न्याय पंचायत पुल्यासू के अंतर्गत मोलाखाल-बागों-सिलोगी मोटरमार्ग के निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों ने आवाज बुलंद की है। ग्राम पंचायत वरगड्डी के प्रधान विकास चंद्र जुगरान के नेतृत्व में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने यमकेश्वर विधायक के नाम पूर्व जिला पंचायत सदस्य चांदपुर अमन बिष्ट को पत्र सौंपकर मोटरमार्ग निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।

पत्र में क्षेत्रवासियों ने कहा कि मोलाखाल-बागों-सिलोगी मोटरमार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र के माध्यम से संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन से मोटरमार्ग निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आग्रह किया गया है।
क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मोटरमार्ग निर्माण को लेकर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का निर्णय लिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन के लिए आवश्यक है और लंबे समय से इसकी मांग की जा रही है।
पत्र में क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीषा नेगी, शिवानी बलूनी, सृष्टि देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर एवं मुहर भी अंकित हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक से मामले को गंभीरता से लेते हुए मोटरमार्ग निर्माण कार्य की शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।
