खेल महाकुंभ की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा, तीन चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं
पौड़ी। सितंबर माह में प्रस्तावित खेल महाकुंभ की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने आयोजन को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि खेल महाकुंभ में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित की जाएंगी। 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी और 21 से 30 सितंबर तक संसदीय स्तर पर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी आयोजित होगी। इन प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिलाधिकारी ने प्रतियोगिताओं का विस्तृत कार्यक्रम जल्द तैयार करने और सभी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के साथ ही शिक्षकों एवं अन्य कार्मिकों की तैनाती समय से करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक प्रतियोगिता स्थल का शीघ्र चयन करने तथा जिन खेल मैदानों में मरम्मत या सुधार की आवश्यकता है, वहां कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने खिलाड़ियों के लिए भोजन, जलपान, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाओं और प्राथमिक उपचार सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सभी विकासखंडों के बीओ, पीआरडी अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली गई तथा आयोजन को बेहतर बनाने के लिए सुझाव और फीडबैक भी प्राप्त किए गए।
डीएम ने कहा कि खेल महाकुंभ को जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों और सामाजिक प्रतिनिधियों को आयोजन से जोड़ा जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
बैठक में जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित डिजिटल यूथ फेस्टिवल-2026 के प्रथम सप्ताह की प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता में सोनम रावत ने प्रथम, सूरजपाल सिंह ने द्वितीय और तनुजा रावत ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं ‘मेरा जनपद–मेरी पहचान’ प्रतियोगिता में वंशिका नेगी प्रथम, शर्मिला द्वितीय और तनुराग रावत तृतीय रहे।
जिलाधिकारी ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डिजिटल यूथ फेस्टिवल का उद्देश्य युवाओं को अपनी रचनात्मकता, नवाचार, सांस्कृतिक प्रतिभा और स्थानीय पहचान को डिजिटल मंच के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक युवाओं से आगामी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार, थानाध्यक्ष जयपाल नेगी, जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी, डॉ. अमित मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
