पौड़ी

कांवड़ मेले में मिलावट पर कड़ी निगरानी, मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से मौके पर निःशुल्क जांच

पौड़ी। श्रावण मास के कांवड़ मेले में नीलकंठ महादेव धाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत देहरादून से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब को लक्ष्मणझूला क्षेत्र में तैनात किया गया है। जानकी पुल के समीप स्थापित मोबाइल लैब में खाद्य पदार्थों की निःशुल्क और त्वरित जांच की जा रही है।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग और नीलकंठ क्षेत्र में संचालित स्थायी एवं अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से दूध, पनीर, मिठाई, खाद्य तेल, दाल, चावल, मसाले और पेय पदार्थ समेत विभिन्न खाद्य सामग्री की मौके पर ही वैज्ञानिक जांच की जा रही है। इससे मिलावट और गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं का तत्काल पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों के मामलों में संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण करने तथा साफ-सुथरे वातावरण में खाद्य पदार्थ तैयार एवं विक्रय करने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में लैब एनालिस्ट जितेंद्र भंडारी द्वारा खाद्य पदार्थों के नमूनों की वैज्ञानिक जांच की जा रही है। वहीं, सीनियर फूड सेफ्टी ऑफिसर सारधा शर्मा निरीक्षण एवं जांच अभियान की निगरानी कर रही हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि मिलावटी एवं निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे जानकी पुल के समीप स्थापित मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में अपनी खाद्य सामग्री की निःशुल्क जांच कराएं और इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य व्यवस्था बनाए रखने में सभी से सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *