विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करने की अपील, पात्र मतदाताओं के नाम न हटाने के निर्देश
पौड़ी। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों और बीएलए-1 के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने की।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित पुनरीक्षण कार्यक्रम, 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली, दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया तथा प्रपत्र-6, 7 और 8 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों, बीएलओ, जिला निर्वाचन कार्यालय और जनपद की वेबसाइट पर अवलोकन के लिए उपलब्ध है।
अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम हटवाने के बजाय केवल वास्तविक त्रुटियों के सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने बताया कि विसंगति (एनॉमली) और मानचित्रण रहित (नो मैपिंग) श्रेणी में आने वाले मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से नोटिस दिए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मतदाताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। निर्धारित वैध अभिलेख बीएलओ को उपलब्ध कराकर मतदाता अपनी प्रविष्टि का सत्यापन और आवश्यक संशोधन करा सकते हैं।
बैठक में बताया गया कि जनपद में वर्तमान में भाजपा और कांग्रेस की ओर से ही बीएलए-2 की नियुक्ति की गई है। अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी जल्द बीएलए-2 नियुक्त कर उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांतिलाल शाह, खण्ड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श, उप शिक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, नगर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी भरत सिंह रावत, श्रीनगर विधानसभा के बीएलए प्रतिनिधि महादेव प्रसाद बहुगुणा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
